कांग्रेस ने देहरादून में यूटीयू पेपर लीक मामले को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसमें कांग्रेस ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
देहरादून। वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सेमेस्टर परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक प्रकरण को लेकर कांग्रेस ने शनिवार को विश्वविद्यालय के झाझरा परिसर के मुख्य द्वार पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता विश्वविद्यालय पहुंचे और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।प्रदर्शन को संबोधित करते हुए गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि केंद्र और उत्तराखंड की भाजपा सरकारें पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने में पूरी तरह विफल रही हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार भर्ती और शैक्षणिक परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने से युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ गया है और सरकार केवल दावे करने तक सीमित है।
उन्होंने अरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि तकनीकी विश्वविद्यालय जैसे संस्थान में प्रश्नपत्र लीक होना शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई नहीं हुई और परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने के ठोस कदम नहीं उठाए गए तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में आंदोलन तेज करेगी।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। मुख्य द्वार पर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका गया, जिससे कुछ समय के लिए पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और तीखी बहस भी हुई। बाद में प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त हो गया।



