देहरादून। 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने तिरंगा फहराया और वहां मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस मजबूत, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का सपना देखा था, उसे पूरा करने की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी और पूरी लगन से निभानी होगी।
उन्होंने कहा कि जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों से देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। उत्तराखंड के विकास को लेकर राज्य सरकार भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि विकास का लाभ प्रदेश के हर क्षेत्र और हर वर्ग तक पहुंचे। सभी लोगों के सहयोग और भागीदारी से उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की याद दिलाता है। यह दिन हमें राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा के साथ काम करने की प्रेरणा देता है।

visit us: www.sipas.edu.in


