सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय को मिला नया कार्यवाहक कुलपति, प्रो. प्रताप सिंह बिष्ट की नियुक्ति

News Desk
2 Min Read

प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट का तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बाद राजभवन ने जारी किया आदेशअल्मोड़ा/देहरादून। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा में कुलपति पद को लेकर राजभवन की ओर से महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है। वर्तमान कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट का तीन वर्ष का कार्यकाल 21 सितंबर 2026 को पूर्ण होने के बाद विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. प्रताप सिंह बिष्ट को कुलपति पद पर अस्थायी रूप से नियुक्त किया गया है।

राजभवन, उत्तराखंड की ओर से 22 सितंबर 2026 को जारी आदेश में कहा गया है कि सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अधिनियम-2019 की धारा-10 के तहत कुलपति पद को रिक्त नहीं रखा जा सकता। इसी के मद्देनजर अधिनियम की धारा-10 की उपधारा-7 में निहित अंतरिम व्यवस्था के अंतर्गत राज्य सरकार की संस्तुति के क्रम में प्रो. प्रताप सिंह बिष्ट की नियुक्ति की गई है।

आदेश के अनुसार प्रो. प्रताप सिंह बिष्ट को 22 सितंबर 2026 से छह माह की अवधि के लिए अथवा नियमित कुलपति की नियुक्ति/अग्रेतर आदेश, जो भी पहले हो, तक सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति पद पर अस्थायी रूप से नियुक्त किया गया है।प्रो. प्रताप सिंह बिष्ट वर्तमान में विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष हैं। उनकी नियुक्ति के साथ ही विश्वविद्यालय में कुलपति पद को लेकर बनी स्थिति का अंतरिम समाधान हो गया है।

यह आदेश उत्तराखंड के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) की ओर से जारी किया गया है। आदेश की प्रतिलिपि मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री सचिवालय, उच्च शिक्षा विभाग, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग सहित संबंधित अधिकारियों एवं विश्वविद्यालय के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

Visit us: www.sipas.edu.in

Share This Article
Leave a comment