देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय में आयोजित उत्तराखंड सचिवालय संघ के शपथ ग्रहण समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।मुख्यमंत्री ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सचिवालय केवल एक भवन नहीं…बल्कि राज्य की शासन व्यवस्था की आत्मा और जनविश्वास का प्रमुख केंद्र है। यहीं से नीतियों का निर्माण होता है और विकास योजनाओं को दिशा मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित उत्तराखंड के निर्माण में सचिवालय परिवार की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सरकार की योजनाओं को धरातल पर लागू करने और आम जनता तक पहुंचाने में सचिवालय के अधिकारी एवं कर्मचारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।उन्होंने कहा कि सचिवालय शासन और जनता के बीच मजबूत सेतु का कार्य करता है…जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे नागरिकों तक पहुंचता है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। ई-गवर्नेंस और तकनीक आधारित सेवाओं को बढ़ावा देकर प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक प्रेरित और संतुष्ट कर्मचारी तंत्र सुशासन की सबसे बड़ी ताकत होता है। सरकार और कर्मचारी मिलकर जब टीम भावना से कार्य करते हैं तो विकास कार्यों में तेजी आती है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी अपने कार्यों से सचिवालय की कार्यसंस्कृति को और मजबूत करेगी तथा उत्तराखंड को अग्रणी राज्य बनाने के लक्ष्य में योगदान देगी।इस अवसर पर शासन के वरिष्ठ अधिकारी, सचिवालय संघ के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

visit us: www.sipas.edu.in


