बादशाहीथौल (टिहरी गढ़वाल), 21 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान से प्रेरित होकर हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के एसआरटी परिसर बादशाहीथौल के शिक्षा विभाग के शोध छात्र अंशुमान कुशवाह के नेतृत्व में स्वच्छ स्पर्श समूह की ओर से छठे स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत बादशाहीथौल-चंबा क्षेत्र में चौक से हनुमान मंदिर तक स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्वच्छता दूतों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज का दिया संदेश
स्वच्छता अभियान के दौरान प्रतिभागियों ने क्षेत्र की साफ-सफाई करते हुए लोगों को अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। अभियान का उद्देश्य कूड़े-कचरे का उचित निस्तारण करने, सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने तथा स्वच्छता के प्रति नागरिकों को अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराने के साथ जन-जागरूकता बढ़ाना रहा।इस दौरान संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति, संस्था या समूह की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। यदि सभी लोग अपने घरों, आसपास के क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संकल्प लें, तो स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने की पहल
स्वच्छ स्पर्श समूह की ओर से आयोजित यह छठा स्वच्छता कार्यक्रम क्षेत्र में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल रहा। कार्यक्रम में वैभव, विशाल, मुकुल, प्रिया, अमन, रोहित, गौरवी, प्रदीप, हर्षिता, प्रिया रावत, साक्षी और रंजना सहित अन्य स्वच्छता दूत उपस्थित रहे।

Visit us: www.sipas.edu.in


