एससीईआरटी एवं उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा विभाग ने डॉ. आशीष रतूड़ी को किया सम्मानित

News Desk
3 Min Read

डिजिटल शिक्षा और शिक्षक प्रशिक्षण में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला प्रशस्ति पत्र, ई-सृजन कार्यक्रम में निभाई अहम भूमिका

उत्तराखंड में शिक्षक शिक्षा, डिजिटल नवाचार और आधुनिक शिक्षण तकनीकों को बढ़ावा देने की दिशा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षाविदों को सम्मानित किया गया। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), देहरादून में 21 अक्टूबर को आयोजित सम्मान समारोह में डॉल्फिन (पीजी) इंस्टीट्यूट ऑफ बायोमेडिकल एंड नेचुरल साइंसेज के राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) समन्वयक एवं भौतिक विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. आशीष रतूड़ी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

डॉ. रतूड़ी को यह सम्मान उत्तराखंड के राजकीय विद्यालयों के शिक्षकों के लिए संचालित ई-सृजन (e-Srijan) MOOCs 1.0 एवं 2.0 कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञ, समीक्षक और तकनीकी सहयोगी के रूप में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए दिया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और सूचना-संचार प्रौद्योगिकी (ICT) के माध्यम से शिक्षकों की व्यावसायिक दक्षता बढ़ाना तथा शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाना है।

99 प्रतिशत से अधिक शिक्षकों की सहभागिता

ई-सृजन कार्यक्रम की एक प्रमुख उपलब्धि यह है कि इसमें उत्तराखंड के 99 प्रतिशत से अधिक शिक्षकों ने सहभागिता दर्ज की है। इस पहल को राष्ट्रीय स्तर पर SKOCH Gold Award 2026 प्राप्त हुआ है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसे AI for Education Awards 2026 में ग्लोबल फाइनलिस्ट के रूप में स्थान मिला है। इसके अतिरिक्त, इस नवाचार को हांगकांग में आयोजित होने वाले UNESCO Learning Innovations and Emerging Technologies (LIET) Conference 2026 में प्रस्तुति के लिए भी चयनित किया गया है।

आधुनिक तकनीक से सशक्त होंगे शिक्षक

सम्मान प्राप्त करने पर डॉ. आशीष रतूड़ी ने विद्यालयी शिक्षा विभाग, उत्तराखंड सरकार और एससीईआरटी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को आधुनिक तकनीकों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता से सशक्त बनाना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे कार्यक्रम शिक्षकों की व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने में भी सहायक होंगे।

डॉल्फिन संस्थान ने जताया गर्व

डॉ. रतूड़ी की इस उपलब्धि को डॉल्फिन संस्थान के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए संस्थान ने शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। डॉल्फिन संस्थान और एससीईआरटी उत्तराखंड के बीच शिक्षक प्रशिक्षण, डिजिटल शिक्षा, नवीन शिक्षण पद्धतियों तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के क्रियान्वयन को लेकर निरंतर सहयोग किया जा रहा है।इस साझेदारी का उद्देश्य विद्यालयी एवं उच्च शिक्षा के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और उत्तराखंड में गुणवत्तापूर्ण, तकनीक आधारित तथा नवाचारपूर्ण शिक्षा को प्रोत्साहित करना है।

Share This Article
Leave a comment