उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने रविवार को यहां श्रीनगर एवं टिहरी मंडल की समीक्षा बैठक में अभियंताओं व सभी कार्मिकों को सख्त निर्देश दिए कि प्रदेश के सम्मानित विद्युत उपभोक्ताओं की शिकायतों का तय समय में समाधान किया जाए।
उन्होंने बकायेदार उपभोक्ताओं से शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित करने, शत-प्रतिशत मीटर रीडिंग के आधार पर बिल जारी करने तथा खराब मीटरों को प्राथमिकता पर बदलकर तत्काल बिल संशोधित करने के निर्देश दिए
प्रबंध निदेशक ने सभी अभियंताओं को विशेष हिदायत दी कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों का सकारात्मक दृष्टि से और निर्धारित समय में समाधान किया जाए।
उन्होंने कहा कि बिलों में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसके लिए उपभोक्ताओं के कनेक्शनों पर प्राथमिकता के आधार पर स्मार्ट मीटर लगाए जाएं, ताकि उपभोक्ता अपनी खपत और बिलों पर पूरी नजर रख सकें।
ध्यानी ने नए विद्युत संयोजन देने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि यदि औचक निरीक्षण में किसी उपभोक्ता को संयोजन देने में अनावश्यक विलंब पाया जाता है तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा बैठक में मुख्य अभियंता एनएस बिष्ट, अधीक्षण अभियंता गौरव शर्मा, मयूर देव सिंह, प्रशांत बहुगुणा के साथ टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, कोटद्वार व नैनीडांडा से सभी अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी एवं अवर अभियंता उपस्थित रहे।


