हरिद्वार। जिले में दो मासूम बच्चियों को लावारिस छोड़ने के मामले सामने आए हैं। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में भगत सिंह चैक के पास कूड़े के ढेर में करीब सात दिन की नवजात बच्ची मिली। वहीं, नगर कोतवाली क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस के पास करीब एक साल की बच्ची लावारिस हालत में मिली। दोनों बच्चियों को पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने संरक्षण में लेकर अस्पताल पहुंचाया।
मिली जानकारी के अनुसार भगत सिंह चैक के पास कूड़े के ढेर से बच्ची के रोने की आवाज सुनकर राहगीर रुक गए। पास जाकर देखने पर करीब सात दिन की नवजात बच्ची वहां पड़ी मिली। बच्ची को इस हालत में देखकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई। समाजसेवी वंदना गुप्ता ने बच्ची को गोद में उठाया और पुलिस को सूचना दी।मौके पर पहुंची पुलिस ने चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम की मदद से 108 एंबुलेंस के जरिए बच्ची को महिला अस्पताल पहुंचाया।
दूसरा मामला नगर कोतवाली क्षेत्र का है। यहां पोस्ट ऑफिस के पास करीब एक साल की बच्ची लावारिस हालत में मिलीचाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने बच्ची को संरक्षण में लेकर मेडिकल जांच के लिए अस्पताल पहुंचाया। एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि नवजात बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जिस स्थान पर बच्ची मिली, वहां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। दूसरी बच्ची को चाइल्ड हेल्पलाइन की निगरानी में रखा गया है।
लोकजन एक्सप्रेस की अपील: नवजात और बच्चों की सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है। यदि कोई बच्चा लावारिस अवस्था में मिले, तो तुरंत पुलिस या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दें।


