गढ़वाल विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग में अंगदान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों ने ली अंगदान की प्रतिज्ञा

News Desk
3 Min Read

बादशाहीथौल, टिहरी गढ़वाल 28 अक्टूबर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के स्वामी रामतीर्थ परिसर स्थित शिक्षा विभाग में बुधवार को अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक दिवसीय व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मोहन फाउंडेशन, एम्स ऋषिकेश और हिमालयन हॉस्पिटल जौलीग्रांट के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष प्रो. सुनीता गोदियाल ने सभी अतिथियों एवं टीम सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में विभिन्न बीमारियों और सड़क दुर्घटनाओं के कारण अनेक लोग अंगों की गंभीर समस्या से जूझते हैं। अंग प्रत्यारोपण के लिए पर्याप्त अंग उपलब्ध नहीं होने के कारण कई लोगों को लंबे समय तक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाकर जरूरतमंद लोगों को नया जीवन देने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

मोहन फाउंडेशन के संचित अरोड़ा, अरुण शर्मा और आरती सोलंकी ने विद्यार्थियों को अंगदान के महत्व, उसकी प्रक्रिया और जरूरत के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अंगदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान देने में मदद मिल सकती है। वक्ताओं ने मृत्यु के बाद अंगदान तथा मस्तिष्क मृत्यु की स्थिति में अंगदान से जुड़ी प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी साझा की।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अंगदान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए संबंधित आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अंगदान की प्रतिज्ञा ली।

इस पहल का उद्देश्य युवाओं को अंगदान के प्रति जागरूक करना और समाज में इस महत्वपूर्ण विषय को लेकर सकारात्मक सोच विकसित करना रहा।कार्यक्रम में डॉ. नीरज जोशी, डॉ. सुमनलता, डॉ. देवम एम., डॉ. मनोज प्रसाद नौटियाल, डॉ. हेमराज, डॉ. अखिलेश कुमार गौतम, डॉ. अरविंद, डॉ. कुसुम सजवाण नेगी, डॉ. रुचि उपाध्याय, आलोक सैनी, शिवानी नेगी, अपार बिनजोला, अंजुलिका बिष्ट, स्नेहल सोनी और अंशुमान कुशवाहा सहित विभाग के शिक्षक, शोधार्थी एवं बीएड प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. नीरज जोशी ने सभी अतिथियों, आयोजकों और प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।लोकजन एक्सप्रेस न्यूज़ — जनहित की खबरें, जन-जन तक।

Share This Article
Leave a comment